रायपुर, 30 जून।
राजधानी रायपुर की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के प्रयास के मामले में लंबे वक्त से फरार चल रहे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर गौरव हेपट को पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपित के पास से एक अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।
डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के अपराध क्रमांक 409/2025 में आरोपित वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए गौरव लगातार अपने स्थान बदल रहा था। पुलिस उपायुक्तों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी. नगर पुलिस की टीम ने जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में गौरव ने खुलासा किया कि फरारी के दौरान वह दमन-दीव, बिलासपुर और धमतरी के अलग-अलग ठिकानों पर छिपकर रहा था। पुलिस अब उन लोगों की पहचान करने में जुटी है जिन्होंने फरार होने में उसकी मदद की थी।
आरोपित के विरुद्ध पूर्व में भी रायपुर के थानों में मारपीट, हत्या के प्रयास, नारकोटिक्स और आर्म्स एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक अपराधिक मामले दर्ज हैं। अब बरामद हथियार को लेकर पुलिस ने उस पर आर्म्स एक्ट के तहत नया प्रकरण कायम किया है।




















