बालोतरा, 01 जुलाई।
गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में रतनपुरा पुलिया के पास लूणी नदी में बुधवार को एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव नदी के बीच बबूल की झाड़ियों में पड़ा मिला, जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बाहर निकलवाकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सोशल मीडिया के जरिए सूचना मिलने पर परिजनों ने मृतक की पहचान आमलियाला (वांकलनगर) निवासी 42 वर्षीय वेहनाराम के रूप में की। परिजनों के अनुसार वेहनाराम करीब 20 दिन पहले सांचौर में एक टेंट हाउस में काम करने गया था और 26 जून को वहां से रवाना होने के बाद से लापता था। मृतक के चचेरे भाई ने आरोप लगाया है कि अज्ञात लोगों ने हत्या कर सबूत मिटाने की नीयत से शव को नदी में फेंक दिया। परिजनों का कहना है कि शव पर कई चोटों के निशान थे, सिर पर गंभीर चोट थी और आंखें भी क्षतिग्रस्त थीं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।




















