सुपौल, 01 जुलाई।
सुपौल जिले में मेले के दौरान पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। मधेपुरा से अपने ससुराल आए 24 वर्षीय युवक पर बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तुरंत जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए भर्ती कर उपचार शुरू किया, जहां उसकी स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है।
घायल की पहचान मधेपुरा जिले के ललपुरिया श्रीनगर निवासी मो. मुबारक के पुत्र मो. मोजाहिद के रूप में हुई है। बताया गया कि वह कुछ दिन पहले सुपौल जिले के फुलकाहा-जदिया स्थित अपने ससुराल आया था। सोमवार को वह ससुराल के समीप लगे बोगलाघाट मेले में घूमने गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे घेर लिया और उसके पेट पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए।
परिजनों का कहना है कि दो दिन पहले मधेपुरा स्थित पैतृक गांव में कुछ स्थानीय युवकों के साथ कहासुनी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद की रंजिश में आरोपित युवक का पीछा करते हुए उसके ससुराल तक पहुंचे और मौका मिलते ही हमला कर दिया।
चिकित्सकों के अनुसार युवक के पेट में चाकू के गहरे घाव हैं। अधिक रक्तस्राव होने के कारण अस्पताल पहुंचने के समय उसका रक्तचाप काफी कम था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे 24 घंटे के लिए आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने जदिया थाने में नामजद आरोपितों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। घटना से क्षेत्र में लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने मेले और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा फरार आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।




















