सरकार व नीतियाँ
30 Jun, 2026

पांच साल पूरे, देशभर में शुरू हुए ‘सहकार से समृद्धि’ समारोह

सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूरे होने पर 29 जून से 6 जुलाई तक देशभर में ‘सहकार से समृद्धि’ थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें सहकारी संस्थाओं, किसानों, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी के साथ तकनीक और जागरूकता पर विशेष जोर रहेगा।

नई दिल्ली, 30 जून।

सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में सप्ताहभर चलने वाले ‘सहकार से समृद्धि’ समारोहों की शुरुआत की गई है। 29 जून से 6 जुलाई तक आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य मंत्रालय की उपलब्धियों, प्रमुख पहलों और भविष्य की कार्ययोजना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन के अनुरूप केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में किए जा रहे हैं।

इन समारोहों में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ राष्ट्रीय महासंघों, राज्य सहकारिता विभागों, सहकारी बैंक, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक, शहरी सहकारी बैंक, पैक्स तथा स्थानीय सहकारी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रहेगी। राष्ट्रीय, राज्य, जिला, शहरी और ग्राम स्तर पर अलग-अलग विषयों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सप्ताहभर के लिए प्रत्येक दिन का अलग विषय तय किया गया है। इनमें पैक्स का रूपांतरण, डिजिटल सहकारिता, वित्तीय साक्षरता, किसान कल्याण, डेयरी और मत्स्य सहकारिता, अन्न भंडारण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, तकनीक आधारित सेवाएं, सहकार संवाद, जन-जागरूकता, हरित विकास, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी तथा सफल सहकारी संस्थाओं की उपलब्धियों का प्रसार शामिल रहेगा।

इन विषयों के अंतर्गत सहकारी शपथ समारोह, जागरूकता शिविर, सहकारी चौपाल, सामान्य निकाय बैठकें, पैक्स सदस्यता अभियान, सहकारी योजनाओं का प्रचार, ईआरपी और ई-पैक्स प्रदर्शन, डिजिटल भुगतान जागरूकता, केसीसी, डीबीटी शिविर, किसानों के लिए आउटरीच कार्यक्रम, सहकारी उत्पाद प्रदर्शनियां, युवा प्रतियोगिताएं, सेमिनार, पैनल चर्चा, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण तथा उत्कृष्ट सहकारी संस्थाओं और सदस्यों का सम्मान किया जाएगा।

समारोहों में किसान क्रेडिट कार्ड, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, फसल ऋण, एमएसपी खरीद, बीज वितरण, अन्न भंडारण योजनाओं और आधुनिक कृषि पद्धतियों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम होंगे। इसके साथ डेयरी और मत्स्य सहकारिता को प्रोत्साहन देने के लिए एआई, ड्रोन, फिनटेक, माइक्रो-एटीएम, रुपे केसीसी कार्ड और अन्य डिजिटल सेवाओं का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

मंत्रालय के अनुसार कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में आउटरीच कार्यक्रम, युवा प्रतियोगिताएं, महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के अभियान और लाभार्थियों के अनुभव साझा करने जैसे आयोजन भी होंगे। हरित सहकारिता के अंतर्गत वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और जलवायु अनुकूल कृषि को लेकर भी जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

सप्ताहभर चलने वाले इन समारोहों का समापन 6 जुलाई को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के साथ होगा। इसमें अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। समापन समारोह में नीति संवाद, पोर्टल लॉन्च, सहकारी प्रदर्शनी, सहकारी उत्पादों का प्रदर्शन और पूरे सहकारी तंत्र की भागीदारी रहेगी। मंत्रालय का कहना है कि इन आयोजनों से सहकारी आंदोलन को आधुनिक, पारदर्शी, तकनीक आधारित और जन-केंद्रित विकास मॉडल के रूप में नई गति मिलेगी।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़