नई दिल्ली, 01 जुलाई।
आईसीएआर पीजी और जेआरएफ/एसआरएफ (पीएचडी) प्रवेश परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की अखिल भारतीय प्रवेश परीक्षा (एआईईईए)-पीजी तथा अखिल भारतीय प्रतियोगी परीक्षा (एआईसीई)-जेआरएफ/एसआरएफ (पीएचडी)-2026 के प्रवेश पत्र जारी किए हैं। दोनों परीक्षाएं 4 जुलाई को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) मोड में आयोजित होंगी।
एनटीए की ओर से जारी सूचना के अनुसार एआईईईए (पीजी) परीक्षा 4 जुलाई को पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं, एआईसीई-जेआरएफ/एसआरएफ (पीएचडी) परीक्षा उसी दिन दूसरी पाली में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
एजेंसी ने बताया कि पात्र अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शहर की अग्रिम सूचना 25 जून को पहले ही जारी की जा चुकी थी। अब अभ्यर्थी अपने लॉगिन क्रेडेंशियल की सहायता से आईसीएआर परीक्षा पोर्टल से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
एनटीए ने उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र में दिए गए सभी निर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन करने की सलाह दी है। एजेंसी के अनुसार एडमिट कार्ड अस्थायी रूप से जारी किए गए हैं और इन्हें अंतिम पात्रता की स्वीकृति नहीं माना जाएगा। पात्रता का सत्यापन प्रवेश प्रक्रिया के आगामी चरणों में किया जाएगा।
एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में किसी भी प्रकार का परिवर्तन या छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए तथा भविष्य की आवश्यकता को देखते हुए इसकी एक प्रति सुरक्षित रखनी चाहिए।
एनटीए ने कहा है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी प्रकार की परेशानी आने पर अभ्यर्थी हेल्पडेस्क पर संपर्क कर सकते हैं या ई-मेल के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही परीक्षा से जुड़े ताजा अपडेट के लिए नियमित रूप से एनटीए और आईसीएआर परीक्षा पोर्टल पर नजर रखने की सलाह दी गई है।



















