मुंबई, 04 जुलाई।
यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित एक्शन थ्रिलर फिल्म 'अल्फा' की सिनेमाघरों में एंट्री उम्मीद से काफी कमजोर रही है। आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की मुख्य भूमिकाओं वाली यह फिल्म पहले दिन दर्शकों को आकर्षित करने में नाकाम साबित हुई है।
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। आंकड़ों के अनुसार, पूरे भारत में 7,534 शोज के बावजूद फिल्म ने केवल 9.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। यह वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की अब तक की सबसे कम ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है।
यूनिवर्स की पिछली फिल्मों, जैसे 'पठान', 'वॉर' और 'टाइगर' सीरीज की तुलना में 'अल्फा' का आंकड़ा बेहद पीछे है। इन फिल्मों ने जहां अपने पहले दिन 32 करोड़ से 57 करोड़ रुपये तक का कारोबार किया था, वहीं 'अल्फा' दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी।
फिल्म में बॉबी देओल और अनिल कपूर जैसे बड़े कलाकार भी शामिल हैं। शिव रवैल द्वारा निर्देशित इस 100-130 करोड़ के बजट वाली फिल्म में ऋतिक रोशन का कैमियो भी है। अब फिल्म का भविष्य पूरी तरह वीकेंड की कमाई पर निर्भर है।














