वाशिंगटन, 04 जुलाई।
अमेरिका आज अपनी आजादी की 250वीं वर्षगांठ का जश्न मना रहा है। चार जुलाई का यह खास दिन 1776 में देश के संस्थापकों द्वारा स्वतंत्रता की घोषणापत्र पर हस्ताक्षर करने की याद दिलाता है, जब 13 अमेरिकी उपनिवेशों ने ब्रिटिश शासन से मुक्त होने का औपचारिक ऐलान किया था।
इसे 'सेमीक्विंसेंटेनियल' या अमेरिका 250 के नाम से जाना जा रहा है। इस ऐतिहासिक मौके पर पूरे देश में भव्य आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें सैन्य फ्लाईपास्ट, संगीत कार्यक्रम, ऐतिहासिक झांकियां, परेड और आतिशबाजी के प्रदर्शन मुख्य आकर्षण हैं। वाशिंगटन डीसी और फिलाडेल्फिया में बड़े समारोह आयोजित किए गए हैं।
संघीय अवकाश के रूप में मनाया जाने वाला यह स्वतंत्रता दिवस अमेरिका का सबसे अहम राष्ट्रीय पर्व है। आसमान में होने वाली रंग-बिरंगी आतिशबाजी इस उत्सव की सबसे पुरानी और सबसे बड़ी पहचान बन चुकी है। प्रमुख शहरों में हजारों लोग इन्हें देखने के लिए इकट्ठा हो रहे हैं।
इस खास मौके पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 11 लोगों को माफी देने का ऐलान किया है। इनमें वाशिंगटन के लॉबिस्ट जैक अब्रामॉफ के एक पूर्व व्यापारिक साझेदार और वाहन उत्सर्जन नियंत्रण प्रणाली से जुड़ी गड़बड़ियों के मामलों में दोषी करार दिए गए नौ अन्य व्यक्ति शामिल हैं।











