तेहरान, 04 जुलाई।
ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का छह दिवसीय राजकीय अंतिम संस्कार आज तेहरान से शुरू हो गया है। इस दौरान लाखों लोगों के उमड़ने की संभावना के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
तेहरान के ग्रैंड मोसाल्ला में देश के वरिष्ठ नेताओं, सैन्य अधिकारियों और कई विदेशी हस्तियों ने अयातुल्ला अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ, विदेश मंत्री अब्बास अरागची और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कमांडर अहमद वाहिदी मौजूद रहे।
भारत का प्रतिनिधित्व बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा ने किया। मार्गेरिटा ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने भारत सरकार और जनता की ओर से अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और हालिया संघर्ष में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति दुख जताया है।
अंतिम दर्शन के लिए पूर्व रूसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव, वरिष्ठ चीनी प्रतिनिधि ही वेई, अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी सहित कई देशों के प्रतिनिधिमंडल पहुंचे। यह अंतिम संस्कार 28 फरवरी को इजरायली और अमेरिकी हवाई हमले में खामेनेई की मृत्यु के बाद हो रहा है।
अंतिम यात्रा अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी। इसका समापन 9 तारीख को पवित्र शहर मशहद में दफन के साथ होगा। इसके बाद ईरान में 40 दिनों तक सार्वजनिक शोक मनाया जाएगा।











