ग्वालियर, 04 जुलाई।
महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करते हुए ग्वालियर जिले में आज शनिवार को पांच और जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भरता का नया सोपान मिला है। जिले में अब तक 118 महिलाएं शक्ति दीदी बनकर सफलतापूर्वक फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। यह नवाचार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कलेक्टर रुचिका चौहान की विशेष पहल पर शुरू किया गया है।
इस अनूठी मुहिम के तहत आज प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर महिलाओं को नई जिम्मेदारी सौंपेंगे। दोपहर 12 बजे कलेक्टर रुचिका चौहान कमलाराजा हॉस्पिटल के समीप स्थित जैन मोटर्स कम्पू पर हेमलता, ललिता और प्रियंका को शक्ति दीदी का दायित्व प्रदान करेंगी।
इसी क्रम में, अपर जिला दण्डाधिकारी सीबी प्रसाद वीरपुर स्थित गंगा फिलिंग स्टेशन पर आरती बघेल को और संयुक्त कलेक्टर जुही गर्ग सिंहपुर रोड मुरार स्थित माँ पेट्रोलियम पर मनीषा को बतौर फ्यूल डिलेवरी वर्कर तैनात करेंगी। जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से जरूरतमंद महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें स्वावलंबी बनाना आसान हो रहा है।














