अहमदाबाद, 4 जुलाई।
गुजरात एटीएस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कल गुजरात और मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में एक साथ की गई।
गुजरात एटीएस के अनुसार, पकड़े गए संदिग्ध पाकिस्तानी आकाओं के संपर्क में थे। ये सभी गुजरात में संगठन का जाल बिछाकर आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की साजिश रच रहे थे।
इनका मुख्य काम जैश-ए-मोहम्मद के साहित्य का गुजराती भाषा में अनुवाद करना और संगठन की कट्टरपंथी विचारधारा का प्रसार करना था।
छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से संगठन के झंडे समेत कुल 254 आपत्तिजनक साहित्य बरामद किए गए हैं।
जांच में उनके वित्तीय लिंक सीधे पाकिस्तान स्थित आतंकी समूहों से होने का खुलासा हुआ है। अदालत ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को 14 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।














