फर्रुखाबाद, 04 जुलाई।
जिले के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुबेरपुर घाट गांव में भोजन में छिपकली गिरने से एक ही परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से बीमार पड़ गए हैं। शुक्रवार की रात घर में बनी तोरई की सब्जी में अनजाने में छिपकली गिर गई थी, जिसका पता सदस्यों को तब चला जब परिवार के लोग खाना खा चुके थे।
घर की एक महिला सदस्य ने जब अंतिम समय में अपनी थाली में सब्जी देखी, तो उसमें छिपकली नजर आई। इस भयावह जानकारी के मिलते ही परिवार के सभी सदस्यों को घबराहट और उल्टियां होने लगीं। आनन-फानन में राजेंद्र, नीतू, सीमा, कोमल, रामदेवी और आर्यन को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर दीपक तिवारी ने तत्काल प्रभाव से सभी का उपचार शुरू किया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी पीड़ितों को वार्ड में भर्ती कर लिया गया है और उनकी स्थिति अब स्थिर बनी हुई है।
सब्जी बनाने वाली महिला सीमा ने बताया कि खाना तैयार होने के बाद चूल्हे के पास ही रखा था। उसे इस बात की जरा भी भनक नहीं थी कि सब्जी में छिपकली कब और कैसे चली गई। फिलहाल, पूरा परिवार अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में स्वास्थ्य लाभ ले रहा है।














