हरिद्वार, 04 जुलाई।
देवभूमि उत्तराखंड के उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने और महिला सशक्तीकरण को नई उड़ान देने के उद्देश्य से हरिद्वार में प्रदेश के पहले हिलांस रिटेल आउटलेट का भव्य शुभारंभ हुआ है। ग्रामोत्थान परियोजना और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के संयुक्त प्रयासों से स्थापित इस केंद्र का उद्घाटन राज्य परियोजना निदेशक झरना कामठान द्वारा किया गया।
इस विशेष आउटलेट में प्रदेश की मेहनती महिलाओं द्वारा निर्मित जैविक उत्पाद, पारंपरिक हस्तशिल्प, मसाले और मिलेट आधारित खाद्य सामग्री सहित तमाम सांस्कृतिक धरोहरें एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं। यह केंद्र न केवल महिला स्वयं सहायता समूहों को उनके उत्पादों के लिए एक स्थाई विपणन मंच प्रदान करेगा, बल्कि पर्यटकों को उत्तराखंड की असली सौगात खरीदने की सुविधा भी देगा।
इस अवसर पर झरना कामठान ने राज्य सरकार की लखपति दीदी मुहिम का जिक्र करते हुए कहा कि हरिद्वार जैसे पर्यटन केंद्र पर इस आउटलेट की स्थापना महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में महिलाओं को बाजार तक सीधी पहुँच देकर उनकी आय बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसे यह केंद्र और गति प्रदान करेगा।
रीप के जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना ने जानकारी दी कि इस केंद्र का संचालन श्रद्धा महिला स्वायत्त सहकारिता के माध्यम से किया जाएगा। उद्घाटन के दौरान हरिद्वार के मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।














