अमेठी, 04 जुलाई।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और अमेठी की राजनीति के स्तंभ रहे गौरीगंज के पूर्व विधायक दादा तेजभान सिंह का शनिवार को लखनऊ स्थित मैक्स हॉस्पिटल में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन का समाचार मिलते ही अमेठी सहित पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है और विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने इसे अपूरणीय क्षति बताया है।
युवा अवस्था में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ने वाले दादा तेजभान सिंह ने जनसंघ और भाजपा की विचारधारा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने वर्ष 1977 में जनता पार्टी के टिकट पर गौरीगंज से पहली जीत हासिल की थी, जिसके बाद 1991, 1993 और 1996 में उन्होंने लगातार भाजपा का परचम लहराते हुए चार बार विधानसभा में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। राजनाथ सिंह और कल्याण सिंह जैसे दिग्गजों के साथ उनके करीबी संबंध रहे।
अपने सरल और सहज व्यक्तित्व के कारण "दादा" के नाम से लोकप्रिय रहे तेजभान सिंह ने हमेशा सिद्धांत आधारित राजनीति को प्राथमिकता दी। दल-बदल की राजनीति से कोसों दूर रहे दादा ने वर्ष 2017 में टिकट न मिलने के बाद भी पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा दिखाई और कोई बगावती कदम नहीं उठाया।
भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने उन्हें एक कृषक परिवार से निकलकर राजनीति के शिखर तक पहुँचने वाला व्यक्तित्व बताया। उनके निधन पर क्षेत्र के समर्थकों और शुभचिंतकों में गहरी संवेदना है। राजनीतिक जगत में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।














