जलपाईगुड़ी, 04 जुलाई।
नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत भोरेर आलो थाने की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए दो तस्करों को ब्राउन शुगर की भारी खेप के साथ धर दबोचा है।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान मालदा के हसमत शेख और राजगंज के लियाकत अली के तौर पर हुई है। पुलिस ने उनके पास से लगभग 350 ग्राम ब्राउन शुगर और एक स्कूटी जब्त की है, जिसका उपयोग वे तस्करी के लिए कर रहे थे।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि हसमत मालदा से मादक पदार्थ लेकर राजगंज पहुंच रहा है ताकि उसे लियाकत को सौंपा जा सके। शुक्रवार देर रात आमबाड़ी राज्य सड़क के मोटागछ इलाके में पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपितों को शनिवार को जलपाईगुड़ी की स्थानीय अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी है ताकि तस्करी के इस बड़े नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुँचा जा सके।
क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी को लेकर पुलिस प्रशासन काफी सख्त नजर आ रहा है। यह गिरफ्तारी ड्रग्स माफियाओं के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है।














