नई दिल्ली, 04 जुलाई।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों को अत्यंत गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि पूरे हिंदू समाज की आस्था से जुड़े इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
आलोक कुमार ने स्पष्ट किया कि संगठन इस मामले में किसी का पक्ष नहीं ले रहा है। उन्होंने मांग की है कि घटना की एफआईआर दर्ज होने के बाद अनुभवी अधिकारियों से इसकी गहन जांच कराई जाए और मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए ताकि सच्चाई जल्द सामने आ सके।
मंदिर की सुरक्षा और पारदर्शिता पर उठ रहे सवालों के बीच उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तकनीकी और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों का उपयोग किया जाए ताकि चढ़ावे का एक-एक रुपया सुरक्षित रहे।
न्यास को भंग करने की मांग को लेकर आलोक कुमार ने कहा कि कुछ व्यक्तियों पर लगे आरोपों के चलते पूरे न्यास को भंग करना उचित नहीं है। उन्होंने दोहराया कि करोड़ों रामभक्तों का विश्वास बनाए रखने का एकमात्र रास्ता यही है कि जांच पूरी पारदर्शिता से हो और दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा न जाए।













