जसपुर, 04 जुलाई।
उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले में प्रशासन ने सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की दिशा में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शनिवार को जसपुर के अहमदनगर क्षेत्र में स्थित एक अवैध मजार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद पूरे जिले में चलाए जा रहे सर्वे अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त करना है।
प्रशासन के अनुसार, संबंधित धार्मिक ढांचे के निर्माण को लेकर पहले ही नोटिस जारी कर दस्तावेज मांगे गए थे, लेकिन तय सीमा में कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया। उप जिलाधिकारी राहुल शाह ने बताया कि इस संरचना के भीतर कोई भी धार्मिक सामग्री नहीं पाई गई। पुलिस और राजस्व विभाग की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
ध्वस्तीकरण के पश्चात जेसीबी मशीनों द्वारा उस पूरी भूमि को समतल कर दिया गया है और अब वह प्रशासन के कब्जे में है। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को भूमि की कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। यह अभियान मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में जारी है।
राज्य सरकार का स्पष्ट रुख है कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अनधिकृत कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पिछले कुछ महीनों में प्रशासन द्वारा सरकारी जमीन से सैकड़ों अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सर्वे में जहाँ भी अवैध निर्माण मिलेंगे, वहां विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।














