सरसों, 04 जुलाई।
राजगढ़ थाना क्षेत्र के सरसों गांव में शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ विद्युत करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई। मृतक आदित्य अपने चाचा के साथ गांव में रह रहा था, जबकि उसके माता-पिता काम के सिलसिले में बाहर निवास करते हैं।
घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे की है। खाना खाने के बाद आदित्य जैसे ही अपने कच्चे मकान में पंखा चलाने के लिए बिजली के बोर्ड में तार जोड़ रहा था, तभी उसे जोरदार करंट लगा। नंगे पैर होने के कारण वह बिजली के झटके को सहन नहीं कर सका और तत्काल जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की इस असामयिक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सूचना मिलते ही बाहर रह रहे उसके माता-पिता भी गांव पहुँच गए। राजगढ़ थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि परिवार द्वारा पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई और सभी औपचारिकताएं पूरी किए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में शोक की लहर व्याप्त है और आदित्य के जाने से परिजन पूरी तरह टूट गए हैं।














