फिरोजाबाद, 04 जुलाई।
फिरोजाबाद में पुलिस और एसओजी की टीम ने शुक्रवार देर रात एक रोमांचक मुठभेड़ में आगरा के चार शातिर टप्पेबाजों को दबोच लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान जग्गू उर्फ जगदीश, सुभाष, तनुज और दिनेश चंद्र के रूप में हुई है। एएसपी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि ये बदमाश 23 जून को एक बुजुर्ग को झांसे में लेकर उनकी सोने की चेन और अंगूठी उड़ाने की वारदात में शामिल थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ये गिरोह बैंदी की पुलिया के पास किसी अन्य आपराधिक साजिश को अंजाम देने की फिराक में जुटा है। घेराबंदी होते ही बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में की गई कार्रवाई में जग्गू और सुभाष घायल हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से टप्पेबाजी के सामान को बेचने से मिली 1.5 लाख रुपये की नकदी, तीन अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस अब इन सभी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है। पकड़े गए बदमाशों का आगरा से गहरा नाता है और उनके पुराने आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है।














