श्रीनगर, 09 जुलाई।
जम्मू-कश्मीर में आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 9 और 10 जुलाई को राज्य का मौसम गर्म और उमस भरा रहने के आसार हैं। हालांकि, जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है।
विभाग ने 11 और 12 जुलाई को स्थिति में बदलाव का अनुमान जताया है। इन दिनों में राज्य के विभिन्न इलाकों में कई बार गरज के साथ पानी बरसने के संकेत हैं। विशेष रूप से चिनाब घाटी और पीर पंजाल पर्वतमाला के संवेदनशील क्षेत्रों में भारी बारिश और तीव्र बौछारें पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है।
13 से 16 जुलाई के बीच फिर से गर्म और उमस भरे हालात लौटने की आशंका है, हालांकि कहीं-कहीं हल्की बारिश जारी रह सकती है। मौसम केंद्र ने यात्रियों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण चिनाब घाटी और पीर पंजाल के इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा पैदा हो सकता है। लोगों को नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने का परामर्श दिया गया है।











.jpg)
