भोपाल, 9 जुलाई।
मध्यप्रदेश में सड़क अधोसंरचना को मजबूती देने वाली उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना का 10 जुलाई को भूमि पूजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ करेंगे। करीब 98.73 किलोमीटर लंबी इस परियोजना का निर्माण मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा 5,017 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के सड़क विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। यह मार्ग उज्जैन दक्षिण, घट्टिया, नागदा-खाचरौद, आलोट और जावरा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। परियोजना पूरी होने के बाद करीब 35 लाख लोगों और 62 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि ग्रीनफील्ड फोरलेन मार्ग बनने से उज्जैन को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से तेज और सीधा संपर्क मिलेगा। सिंहस्थ-2028 के दौरान राजस्थान, गुजरात और देश के अन्य हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए यह मार्ग सुविधाजनक साबित होगा।
परियोजना से इंदौर, भोपाल और पूरे मालवा क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। इसके तहत 98.73 किलोमीटर फोरलेन मार्ग के साथ 3 रेल ओवरब्रिज, 9 बड़े पुल, 26 मध्यम पुल और 417 पुलियों का निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा जावरा बायपास पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज से महू-नीमच फोरलेन मार्ग तक दोनों ओर सर्विस रोड भी बनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना मालवा क्षेत्र के औद्योगिक, व्यापारिक और कृषि विकास को नई गति देगी। बेहतर सड़क संपर्क से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा होगी और उद्योग, लॉजिस्टिक्स व निवेश गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से यात्रा समय और ईंधन की बचत होगी। साथ ही सड़क सुरक्षा में भी सुधार आएगा। उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना पूरी होने के बाद मध्यप्रदेश की आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी।












.jpg)
