मध्य प्रदेश
10 Jul, 2026

अनूपपुर में बिना परमिट चल रहीं दो स्कूल बसें जब्त, 22,500 रुपये का जुर्माना

अनूपपुर में यातायात विभाग की विशेष जांच के दौरान बिना वैध परमिट संचालित दो स्कूल बसों को जब्त कर 12 वाहनों पर कुल 22,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

अनूपपुर, 10 जुलाई।

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्कूल बसों के सुरक्षित संचालन को लेकर शुक्रवार को यातायात विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान 23 स्कूली बसों और अन्य वाहनों की गहन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 स्कूली वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 22,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

जांच के दौरान दो स्कूलों की गंभीर लापरवाही सामने आई। महर्षि एंग्लो जर्मन स्कूल अनूपपुर की बस क्रमांक एमपी 65 पी 0112 और ग्रीनलैंड स्कूल कोतमा के बच्चों को ले जा रहा वाहन क्रमांक एमपी 65 बीबी 0675 बिना वैध परमिट के संचालित होते मिले। यातायात पुलिस ने दोनों वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर लिया।

अभियान के दौरान बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, अग्निशामक यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स और इमरजेंसी गेट सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की गई। जिन वाहनों में आवश्यक दस्तावेज या सुरक्षा उपकरण नहीं मिले, उनके खिलाफ मौके पर ही चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान क्षेत्र के कई प्रमुख स्कूलों के वाहनों का भी निरीक्षण किया गया।

यातायात प्रभारी विनोद दुबे ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। जांच के साथ पुलिस टीम ने विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बस चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए, ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति सभी जिम्मेदार पक्षों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।

|
आज का राशिफल

कुछ प्रतिकूल गोचर का क्षोभ दिन-भर रहेगा। सुबह-सुबह की महत्वपूूर्ण सिद्घि के बाद दिन-भर उत्साह बना रहेगा। किसी लाभदायक कार्य के लिए व्ययकारक स्थितियां पैदा होंगी। ज्ञान-विज्ञान की वृद्घि होगी और सज्जनों का साथ भी रहेगा। मनोरथ सिद्घि का योग है। मेहमानों का आगमन होगा। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 32°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़