नागदा, 9 जुलाई।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 10 जुलाई को उज्जैन जिले के नागदा प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे इसी सत्र से शुरू होने वाले केंद्रीय विद्यालय भवन का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री जावरा–उज्जैन फोरलेन मार्ग का भूमिपूजन भी करेंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के तहत चंबल तट स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आमसभा आयोजित की जाएगी, जिसे वे दोपहर 2:30 बजे संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़, नगर पालिका प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल एवं सभा स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और वीआईपी आगमन सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री का नागदा दौरा क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी और नागदा सहित आसपास के क्षेत्रों को इसका लाभ मिलेगा।
प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।












.jpg)
