राजगढ़, 10 जुलाई।
जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में स्कूटर चोरी के शक में एक 17 वर्षीय नाबालिग के साथ अमानवीय बर्ताव का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने किशोर को रस्सी से बांधकर बेरहमी से मारपीट की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
पुलिस के अनुसार, भाजपा नेता का स्कूटर चोरी होने के बाद आरोपित किशोर को हिनोतिया गांव में पकड़ा गया था। भीड़ ने उसे पकड़कर न सिर्फ पीटा, बल्कि उसके कपड़े भी उतरवा दिए। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
डायल-112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर किशोर को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। मेडिकल जांच में किशोर के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। वहीं, पीड़ित के परिजनों का कहना है कि उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।
पीड़ित ने एक ढाबे पर दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया है, जिसकी पुलिस तहकीकात कर रही है। थाना प्रभारी कमलसिंह गहलोत ने बताया कि वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है।
इधर, स्कूटर चोरी के मामले में नाबालिग के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल दोनों ही पहलुओं की गहन जांच में जुटी है।











.jpg)
