अयोध्या, 10 जुलाई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ रुपये से अधिक की 217 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जो लोग हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाते थे, वे कभी जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ नहीं करवा सकते।
मुख्यमंत्री ने मंच से बड़ी घोषणाएं करते हुए बताया कि खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नाम बदलकर अब मां ज्वाला देवी के नाम पर रखा जाएगा। इसके साथ ही, भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर भरतनगर भरतकुंड कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भरत जैसा भाई मिलना दुर्लभ है और अयोध्या के विकास में प्रभु राम के साथ भरत जी का आदर्श प्रेरणादायक है।

योगी ने पिछली सरकारों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पहले अयोध्या विकास से उपेक्षित थी। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्होंने राम मंदिर निर्माण में हमेशा बाधाएं खड़ी कीं, लेकिन डबल इंजन सरकार ने अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सोलर सिटी और पर्यटन का केंद्र बना दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या के गलियां चमक रही हैं और सरयू की आरती नियमित हो रही है। उन्होंने निषादराज रैनबसेरा और मां शबरी भोजनालय का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार सामाजिक समरसता को बढ़ावा दे रही है। अयोध्या अब विश्व में अपनी अलग पहचान बना चुकी है।
सभा में उमड़ी भीड़ का आभार व्यक्त करते हुए योगी ने कहा कि विपरीत मौसम के बावजूद जनता का उत्साह अद्भुत है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।











.jpg)
