भिंड, 10 जुलाई।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भिंड के बहुप्रतीक्षित अटेर चंबल पुल के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर वन विभाग से लंबित अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) को शीघ्र जारी करने का आग्रह किया है। इस पुल का निर्माण कार्य लंबे समय से एनओसी न मिलने के कारण अधर में लटका हुआ है।
यह पुल मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए एक जीवनरेखा साबित होगा। केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि परियोजना पूर्ण होने से व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवाओं के साथ-साथ दोनों राज्यों के बीच आवागमन भी अत्यंत सुगम हो जाएगा। उन्होंने इस मुद्दे को क्षेत्र के लाखों लोगों की भावनाओं से जोड़ते हुए परियोजना को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया है।
इस महत्वपूर्ण विषय को भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष आशीष शिवशंकर समाधिया खेरी ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा था। उन्होंने स्थानीय निवासियों की परेशानियों को देखते हुए बाधाएं हटाने का आग्रह किया था। स्थानीय जनमानस को उम्मीद है कि इस पहल के बाद निर्माण कार्य में तेजी आएगी, जिससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।











.jpg)
