राजगढ़, 10 जुलाई।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित हाईवे पर बने खाटूश्याम मंदिर में योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। पूरे दिन मंदिर परिसर जय श्री श्याम के जयकारों, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा।
एकादशी के विशेष अवसर पर मंदिर समिति ने बाबा खाटूश्याम का 51 किलो ताजे फूलों से विशेष श्रृंगार कराया, जिन्हें उज्जैन से मंगवाया गया था। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की। मंदिर परिसर को आकर्षक पुष्प सज्जा और रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्ति से सराबोर नजर आया। महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से श्याम भक्त ढोल-नगाड़ों और भजनों की धुन पर नाचते-गाते हुए निशान यात्रा के साथ मंदिर पहुंचे। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और आरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते हुए बाबा श्याम की भक्ति में लीन नजर आए। कई भक्तों ने योगिनी एकादशी का व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और दिनभर धार्मिक आयोजनों में भागीदारी की।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर समिति की ओर से पेयजल, प्रसाद वितरण, कतार व्यवस्था और पार्किंग के विशेष इंतजाम किए गए थे। स्वयंसेवकों ने दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। धार्मिक मान्यता के अनुसार योगिनी एकादशी का व्रत और भगवान विष्णु तथा खाटूश्याम के दर्शन करने से पापों का नाश होता है तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आगमन होता है। इसी आस्था के साथ दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के चरणों में शीश नवाकर परिवार की मंगलकामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से ओतप्रोत रहा।












.jpg)
