सरकार व नीतियाँ
10 Jul, 2026

डीएनएच और दमन-दीव में एसआईआर अभियान तेज, तीन लाख से अधिक फॉर्म जमा

डीएनएच और दमन-दीव में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 4.28 लाख मतदाताओं में से 3.01 लाख से अधिक लोगों ने गणना प्रपत्र जमा कर दिए हैं।

 नई दिल्ली, 10 जुलाई।

चुनाव आयोग ने दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति से जुड़े प्रमुख आंकड़े जारी किए हैं। आयोग के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य पूरी पारदर्शिता के साथ सभी पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र नामों को हटाना है।

आयोग ने बताया कि चार जून 2026 तक केंद्र शासित प्रदेश में कुल 4,28,036 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से तीन जुलाई 2026 तक 3,01,142 से अधिक मतदाताओं ने अपने एन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर दिए हैं। आयोग ने इसे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तीसरे चरण में लोगों की व्यापक भागीदारी का संकेत बताया है।

यह चरण तीनों जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों, दो निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों, सात सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, सहायक बीएलओ और 464 मतदान केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से पूरा किया गया। अभियान में चार मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और दो पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दलों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इन दलों ने 614 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए थे।

मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों ने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए। राजनीतिक दलों के साथ बैठकें कर प्रक्रिया की जानकारी दी गई और अभियान की प्रगति साझा की गई। बीएलओ ने घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए और उन्हें एकत्र करने के लिए कम से कम तीन बार दौरा किया। वहीं बीएलए को प्रतिदिन 50 तक एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अनुमति दी गई, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए।

आयोग ने आगामी समय-सीमा भी जारी की है। 10 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 10 जुलाई से नौ अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। 10 जुलाई से सात सितंबर 2026 तक इनका निस्तारण होगा, जबकि 11 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

प्रारूप मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के कार्यालयों, मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट, स्थानीय बीएलओ, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और वोटर्स पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में नहीं मिलता है तो उसे फॉर्म-6, घोषणा पत्र और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होगा। आयोग ने फॉर्म-6, फॉर्म-6ए, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई है।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। जिला निर्वाचन कार्यालयों और ईआरओ कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए तथा विशेष शिविर लगाए गए। बीएलओ को डिजिटाइजेशन प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की मदद से प्रचार वीडियो, ई-फ्लायर और प्रशंसापत्र साझा किए गए तथा पूरे केंद्र शासित प्रदेश में होर्डिंग और बैनर लगाकर लोगों को जागरूक किया गया।

चुनाव आयोग ने बताया कि एक जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके या पूरी करने वाले युवाओं को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता बनने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ ने अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं का विवरण बीएलए को उपलब्ध कराया है। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। आयोग ने कहा कि प्रिंट, टीवी और सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत का संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से निस्तारण कर रहे हैं, ताकि कोई भी शिकायत लंबित न रहे।

|
आज का राशिफल

कुछ प्रतिकूल गोचर का क्षोभ दिन-भर रहेगा। सुबह-सुबह की महत्वपूूर्ण सिद्घि के बाद दिन-भर उत्साह बना रहेगा। किसी लाभदायक कार्य के लिए व्ययकारक स्थितियां पैदा होंगी। ज्ञान-विज्ञान की वृद्घि होगी और सज्जनों का साथ भी रहेगा। मनोरथ सिद्घि का योग है। मेहमानों का आगमन होगा। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 32°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़