पटना, 10 जुलाई।
बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने अंतिम समय में बड़ा फैसला लेते हुए अपना उम्मीदवार बदल दिया है। पार्टी ने पहले घोषित प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी के स्थान पर नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा है। इस सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान होगा।
भाजपा के नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा का मुकाबला जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार रेखा गुप्ता से होगा। ऐसे में बांकीपुर विधानसभा सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना मानी जा रही है।
इससे पहले भाजपा ने अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी को प्रत्याशी घोषित किया था। उन्होंने गुरुवार को नामांकन पत्र भी दाखिल किया था, लेकिन अगले ही दिन चुनाव नहीं लड़ने का फैसला कर लिया। पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव मैदान से हटने की घोषणा की। हालांकि, उन्होंने अपने फैसले के पीछे कोई विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किया।
अभिषेक बंटी के नामांकन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। नामांकन के बाद पटना के स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित सभा में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत राजग के नेताओं ने उनके समर्थन में जनसभा को संबोधित किया था। ऐसे में उनके अचानक चुनाव से हटने के निर्णय ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को तेज कर दिया है।
बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। उनके राज्यसभा जाने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। लंबे समय से भाजपा का गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर उम्मीदवार परिवर्तन को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
अभिषेक बंटी भाजपा के युवा नेताओं में शामिल रहे हैं। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा पटना महानगर और मंडल स्तर पर भी उन्होंने संगठन में कई जिम्मेदारियां निभाई हैं। पिछले करीब दो दशकों से वह बांकीपुर और पटना में पार्टी संगठन के लिए सक्रिय रहे हैं तथा नितिन नवीन के करीबी सहयोगी माने जाते हैं।
भाजपा के नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा, जिन्हें नीरज भारती के नाम से भी जाना जाता है, पटना के मीठापुर के निवासी हैं। उनका जन्म एक जुलाई 1994 को हुआ और उन्होंने स्नातक तक शिक्षा प्राप्त की है। वर्ष 2006 से भाजपा से जुड़े नीरज कुमार सिन्हा संगठन में बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष तथा नरेंद्र भारती मंडल के दो बार मंडल अध्यक्ष सहित कई जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उनका पारिवारिक जुड़ाव भी जनसंघ और भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि से रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि संगठन में उनके लंबे अनुभव और स्थानीय सक्रियता का लाभ चुनाव में मिलेगा।












.jpg)
