मध्य प्रदेश
10 Jul, 2026

सतना में तेंदुए का हमला, बाड़े में घुसकर नौ भेड़ों को बनाया शिकार

सतना के शिवसागर गांव में तेंदुआ रात के समय बाड़े में घुसकर नौ भेड़ों को मार गया, जिसके बाद वन विभाग ने जांच शुरू कर ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की।

सतना, 10 जुलाई।

मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोठी क्षेत्र स्थित शिवसागर गांव में तेंदुए के हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात तेंदुआ एक बाड़े में घुस गया और वहां बंधी नौ भेड़ों को मार डाला। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार शिवसागर निवासी रामसुखी पाल ने रात के समय अपनी भेड़ों को घर के पास बने बाड़े में बांधा था। देर रात तेंदुआ बाड़े में घुस आया और एक-एक कर नौ भेड़ों को अपना शिकार बना लिया। शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोग बाड़े में पहुंचे तो वहां भेड़ों के शव पड़े मिले। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

शुक्रवार को सूचना मिलने पर मझगवां वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मिले पंजों के निशानों और अन्य साक्ष्यों की जांच की। प्रारंभिक जांच में वन विभाग ने इस घटना को तेंदुए के हमले से जुड़ा माना है।

मझगवां वन परिक्षेत्र के रेंजर रंजन सिंह परिहार ने बताया कि पीड़ित पशुपालक से प्रतिवेदन लेकर नियमानुसार प्रकरण तैयार किया जाएगा। इसके बाद शासन के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से रात के समय मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने और सतर्कता बरतने की अपील भी की।

घटना के बाद शिवसागर और आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

|
आज का राशिफल

कुछ प्रतिकूल गोचर का क्षोभ दिन-भर रहेगा। सुबह-सुबह की महत्वपूूर्ण सिद्घि के बाद दिन-भर उत्साह बना रहेगा। किसी लाभदायक कार्य के लिए व्ययकारक स्थितियां पैदा होंगी। ज्ञान-विज्ञान की वृद्घि होगी और सज्जनों का साथ भी रहेगा। मनोरथ सिद्घि का योग है। मेहमानों का आगमन होगा। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 32°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़