ऑकलैंड, 10 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ऑकलैंड में भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि प्रवासी भारतीय पीढ़ियों और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय भारत और न्यूजीलैंड के बीच वर्षों पुराने संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
ऑकलैंड में आयोजित सामुदायिक स्वागत कार्यक्रम की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की झलकियां साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि शुक्रवार शाम भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत का भव्य उत्सव देखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पंजाब और तमिलनाडु की सांस्कृतिक झलक के साथ कर्नाटक और हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत का सुंदर समन्वय देखने को मिला। इसके अलावा वंदे मातरम् की भावपूर्ण प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह उन प्रवासी भारतीयों की सराहना करते हैं, जो पीढ़ियों और महाद्वीपों के पार भारत की सांस्कृतिक परंपराओं को संजोए हुए हैं तथा भारत और न्यूजीलैंड के बीच लोगों के आपसी संबंधों को और मजबूत बना रहे हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने नाद वोकल एन्सेम्बल की संगीत प्रस्तुति की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संगीत लोगों को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है और इस प्रस्तुति ने भारत तथा न्यूजीलैंड की मित्रता की गर्मजोशी और गहराई को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया।
ऑकलैंड स्थित होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि स्वागत समारोह में भारत के विभिन्न राज्यों की शास्त्रीय संगीत और नृत्य परंपराओं की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने देश की सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय की ओर से मिला स्नेह और आत्मीयता उन्हें गहराई से स्पर्श कर गई। उन्होंने कहा कि भारत के किसी प्रधानमंत्री की यात्रा के लिए वहां के भारतीय समुदाय ने चार दशक तक इंतजार किया और आज उनका उत्साह तथा अपनापन स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि भारत के साथ उनका भावनात्मक जुड़ाव आज भी उतना ही मजबूत बना हुआ है।












.jpg)
