श्रीनगर, 10 जुलाई।
पीपल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बुनियादी विकास कार्यों की अनदेखी कर सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा देने में लगी है।
बुखारी ने कहा कि पर्यटन अर्थव्यवस्था का हिस्सा है, लेकिन यही एकमात्र जरूरत नहीं है। सड़कें, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक ढांचे चरमरा रहे हैं, जिन पर सरकार का ध्यान नहीं है। उन्होंने निर्माण कार्य के लिए मिले अनुकूल मौसम के बर्बाद होने पर चिंता जताई और इसे विकास कार्यों को रोकने की सोची-समझी साज़िश करार दिया।
स्थानीय ठेकेदारों की समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कच्चे माल की ऊंची कीमतें और बकाया भुगतान ने उनके सामने संकट खड़ा कर दिया है। सरकार पर क्वालिटी मानकों के साथ समझौता करने का भी आरोप लगा।
प्रशासन को नसीहत देते हुए बुखारी ने कहा कि हर कमी के लिए राज्य के दर्जे की बहाली का बहाना नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से विकास कार्यों में तेजी लाने और पिछले साल के खर्च न हो पाए 7,000 करोड़ के बजट पर व्हाइट पेपर जारी करने की मांग की है।
श्रीनगर, बारामूला, सोपोर, अनंतनाग और शोपियां जैसे बड़े शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर की खराब स्थिति पर उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य शुरू करने की अपील की ताकि आम जनता को राहत मिल सके।










.jpg)
