अनूपपुर, 10 जुलाई।
मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदुरी में गुरुवार रात मोटरपंप निकालने के दौरान करंट लगने से 30 वर्षीय हीरालाल बैगा पुत्र लालमन बैगा की मौत हो गई। चोरी की आशंका के चलते वह रात में कुएं से मोटरपंप बाहर निकाल रहा था। शुक्रवार सुबह जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पत्नी कविता बैगा ने बताया कि घर के पीछे स्थित बाड़ी के पुराने कुएं में मोटरपंप लगा हुआ था। गुरुवार सुबह हीरालाल ने सब्जी की फसल की सिंचाई की थी। रात में चोरी की आशंका के कारण वह मोटरपंप निकालने कुएं पर पहुंचा था। इसी दौरान उनकी ननद बाड़ी की ओर जा रही थी। उसने हीरालाल को कुएं के पास जमीन पर पड़ा देखा और शोर मचाकर परिवार के अन्य लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर हीरालाल मोटरपंप की तार पकड़े पड़ा था और पंप भी उसके पास गिरा हुआ था। इसके बाद परिजनों ने पहले बिजली का कनेक्शन बंद कराया और फिर उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बड़े भाई ने बताया कि हीरालाल मोटरपंप निकालने के बाद उसका पावर स्विच ठीक कर रहा था, लेकिन उसने बिजली के मेन पावर बोर्ड से कनेक्शन बंद नहीं किया था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। जिला चिकित्सालय पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी मंशाराम मार्को ने बताया कि देर रात होने के कारण गुरुवार को पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












.jpg)
