गांधीनगर, 10 जुलाई।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गांधीनगर में गुजरात की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की उच्च स्तरीय समीक्षा की। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की मौजूदगी में हुई इस बैठक में प्रदेश में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का विस्तृत ब्योरा लिया गया।
गडकरी ने वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे, अहमदाबाद-गोधरा-इंदौर और जामनगर-अमृतसर एक्सप्रेसवे जैसी प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे को भावनगर तक बढ़ाने की घोषणा की, जिसका काम तीन महीने में शुरू होगा।
केंद्रीय मंत्री ने भूमि अधिग्रहण को सुगम बनाने के लिए गुजरात सरकार द्वारा अपनाई गई 'एनए प्रक्रिया स्थगित रखने' की नीति की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह 'गुजरात मॉडल' देशभर के लिए मिसाल बन सकता है।
सड़क निर्माण के दौरान पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता जताते हुए गडकरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेड़ों को काटने के बजाय उन्हें प्रतिरोपित किया जाए। इससे विकास और पर्यावरण का तालमेल बना रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागों के आपसी समन्वय से सड़कों के निर्माण में अब और तेजी आई है। बैठक में एनएचएआई और राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न सड़क परियोजनाओं पर अपनी रिपोर्ट पेश की।











.jpg)
