मुंबई, 10 जुलाई।
महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) ने आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामले में शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में एक साथ छापेमारी कर 112 लोगों से पूछताछ की। एटीएस के अनुसार यह कार्रवाई पाकिस्तान में रहने वाले गैंगस्टर शहज़ाद भट्टी के साथ कथित संबंधों की जांच के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।
एटीएस के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह राज्य की सभी 14 एटीएस यूनिटों ने एक साथ मुंबई, ठाणे, कुर्ला, बांद्रा, जोगेश्वरी, नवी मुंबई, मीरा रोड, भयंदर, सांगली, सतारा और छत्रपति संभाजीनगर सहित कई स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया। यह कार्रवाई अभी भी जारी है। अभियान उन लोगों के खिलाफ चलाया जा रहा है, जो कथित रूप से सोशल मीडिया के माध्यम से शहज़ाद भट्टी के संपर्क में थे।
इस अभियान के तहत जालना, बीड़, अहिल्यानगर, संभाजीनगर सहित विभिन्न जिलों में 112 लोगों से पूछताछ की जा रही है। डिजिटल साक्ष्य के रूप में उनके मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। एटीएस इन लोगों और शहज़ाद भट्टी के बीच कथित संबंधों की जांच के साथ अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि शहज़ाद भट्टी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को देश-विरोधी गतिविधियों के लिए उकसाने का प्रयास करता था। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है कि पूछताछ के दायरे में आए लोगों की इस मामले में क्या भूमिका रही है।












.jpg)
