अनूपपुर, 10 जुलाई।
सांसद हिमाद्री सिंह ने शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जनजातीय कार्य विभाग के लंबित 65 अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग (पीआईयू) के 16 निर्माण कार्यों, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के 95 स्वीकृत कार्यों, 435 मजरे-टोलों तक पहुंच मार्ग निर्माण, जनमन योजना के 22 सड़क निर्माण कार्यों तथा निर्माणाधीन फ्लाईओवर परियोजना सहित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सांसद ने पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करें और योजनाओं की वास्तविक स्थिति का मौके पर जाकर आकलन करें। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले में 210 बसाहटों को चिन्हित किया गया है, जहां नल-जल योजना के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। वर्ष 2025-28 की कार्ययोजना के तहत नल-जल योजना 2.0 के माध्यम से पाइपलाइन, ओवरहेड टंकी और अन्य तकनीकी कारणों से बंद पड़ी योजनाओं का संधारण एवं पुनर्संचालन किया जाएगा। साथ ही ग्राम पंचायतों को सामान्य मरम्मत कार्यों के लिए निर्धारित प्रावधानों के अनुसार 10 हजार रुपये तक खर्च करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
जिले के विद्युतविहीन मजरे-टोलों की समीक्षा में विद्युत विभाग ने बताया कि 527 चिन्हित मजरे-टोलों में से जन-मन योजना के तहत 80 और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत 19 मजरे-टोलों में बिजली पहुंचाई जा चुकी है। वहीं 411 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 110 केंद्रों को विद्युत कनेक्शन दिए जा चुके हैं। सांसद ने शेष क्षेत्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों में प्राथमिकता के आधार पर जल्द विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक लगभग 32 हजार सिकल सेल एनीमिया मरीजों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से करीब 2,600 मरीज नियमित उपचार और दवाइयां प्राप्त कर रहे हैं। सांसद ने मरीजों को समय पर उपचार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और जनजागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
जल निगम की दमेहड़ी जल समूह, किरगी, नानघटी, झिलमिल परियोजना, लपटी जलाशय, मौहरी और सीतामढ़ी परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने सभी कार्य समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि सभी चिन्हित गांवों तक सुरक्षित पेयजल पहुंच सके।
वन विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कैम्पा योजना के तहत पिछले 15 दिनों में करीब 2 लाख 97 हजार बरगद, पीपल, बांस और अन्य प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। सांसद ने पौधों के संरक्षण के साथ-साथ लंबे समय से वन भूमि पर काबिज पात्र किसानों के वनाधिकार प्रकरणों के नियमानुसार परीक्षण और पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार पट्टे प्रदान करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में विधायक पुष्पराजगढ़ फुंदेलाल मार्को, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह, कलेक्टर हर्षल पंचोली, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी, वनमंडलाधिकारी डेविड वेंकटेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।












.jpg)
