नई दिल्ली, 10 जुलाई।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने शुक्रवार को ओमान की आधिकारिक यात्रा के दौरान अपने समकक्ष सैयद बदर अल-बुसैदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-ओमान रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और पारस्परिक हितों से जुड़े क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, जयशंकर ने हाल के क्षेत्रीय घटनाक्रमों के दौरान भारतीय नाविकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए ओमान सरकार की सराहना की। उन्होंने ओमान में रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात की और भारत-ओमान संबंधों को मजबूत बनाने में उनके निरंतर योगदान की प्रशंसा की।
उल्लेखनीय है कि विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर पांच से 10 जुलाई तक कतर, बहरीन, कुवैत और ओमान की आधिकारिक यात्रा पर रहे। इस दौरे ने चारों देशों के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के साथ क्षेत्रीय घटनाक्रमों तथा पारस्परिक हितों के मुद्दों पर विचार-विमर्श का अवसर भी प्रदान किया।
विदेश मंत्री अब 13 जुलाई को न्यूयॉर्क का दौरा करेंगे, जहां वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 2028-29 कार्यकाल के लिए भारत के आधिकारिक अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद 14 और 15 जुलाई को वह ब्रुसेल्स में आयोजित तीसरी भारत-यूरोपीय संघ व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद की बैठक में भाग लेंगे और यूरोपीय संघ तथा बेल्जियम के अपने समकक्षों के साथ वार्ता करेंगे।












.jpg)
