सागर, 11 जुलाई।
विशाखापट्टनम में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर एवं सब-जूनियर कैनोइंग और कयाकिंग ट्रैक चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली सागर की तीन खिलाड़ियों का शनिवार को सम्मान किया गया। सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ और मेडल भेंट कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भूमिका राय ने कैनोइंग की सी-2 (500 मीटर) स्पर्धा में रजत पदक और सी-4 (1000 मीटर) स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर दो पदक अपने नाम किए। वहीं रोशनी पटेल ने कयाकिंग की 1000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता, जबकि रजनी रैकवार ने 1000 मीटर स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि सागर की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर मिलने पर प्रदेश की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना सकती हैं।
उन्होंने इस उपलब्धि को सागर में वॉटर स्पोर्ट्स के विकास की नई शुरुआत बताते हुए कहा कि शहर की ऐतिहासिक झीलों के संरक्षण के साथ जल क्रीड़ा गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे भविष्य में सागर के और अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विधायक ने खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों की भी सराहना करते हुए कहा कि परिवार का सहयोग और प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन ही खिलाड़ियों की सफलता की मजबूत नींव होता है।
सम्मान समारोह में हिंदी साहित्य कला अकादमी के अध्यक्ष पलाश सुरजन, दीनदयाल उपाध्याय महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता, मुख्य प्रशिक्षक आकाश तिवारी सहित खेल प्रेमी, खिलाड़ी और शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











