छतरपुर, 11 जुलाई।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बारातियों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप पलटने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। घायलों में दूल्हे के पिता सहित चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार बारात टीकमगढ़ जिले के ग्राम बिदारी से उत्तर प्रदेश के अतर्रा जा रही थी। यूपी 94 एटी 3394 नंबर की पिकअप में करीब 20 बाराती सवार थे। नौगांव स्थित पीएम श्री कॉलेज के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क पर पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन तेज रफ्तार में चल रहा था। बताया जा रहा है कि चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे पिकअप असंतुलित होकर सड़क के दूसरी ओर पलट गई। पुलिस चालक के नशे में होने की आशंका को भी जांच का हिस्सा मानकर पड़ताल कर रही है।
हादसे में किशोरी अहिरवार (48) और नितिन अहिरवार (17) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूल्हे के पिता नंदलाल अहिरवार, संतोष, चेचे और भजनलाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही नौगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सड़क हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक के नशे में होने की आशंका पर भी जांच की जा रही है।











