बैतूल, 11 जुलाई।
मध्य प्रदेश राज्य जूडो अकादमी, भोपाल में प्रवेश के लिए शनिवार को बैतूल के शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर हमलापुर में एक दिवसीय चयन ट्रायल आयोजित किया गया। खेल और युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस चयन प्रक्रिया में जिले के विभिन्न विकासखंडों से करीब 50 जूडो खिलाड़ियों ने भाग लिया।
भोपाल से आए खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रशिक्षक गोविन्द रजाक और जयप्रकाश यादव ने प्रतिभागियों के शारीरिक मापदंड, फिटनेस तथा जूडो कौशल का परीक्षण किया। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता और शारीरिक क्षमता का मूल्यांकन किया गया।
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी पूजा कुरील ने बताया कि चयन ट्रायल का उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों को मध्य प्रदेश राज्य जूडो अकादमी, भोपाल में प्रवेश मिलेगा।
उन्होंने बताया कि अकादमी में चयनित खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता का खेल प्रशिक्षण, निःशुल्क शिक्षा, आवास और संतुलित आहार जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
चयन ट्रायल के सफल आयोजन में जनजातीय कार्य विभाग के क्रीड़ा अधिकारी विनय यादव, छात्रावास अधीक्षिका अनिता जौधलेकर, प्रशिक्षकों और खेल विभाग के युवा समन्वयकों ने सहयोग किया।











