उज्जैन, 11 जुलाई।
उज्जैन के शास्त्री नगर स्थित उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अंग्रेजी बोलने को लेकर शुरू हुआ शिक्षक-छात्र विवाद शनिवार को सड़क पर प्रदर्शन में बदल गया। 12वीं के छात्रों ने इंटर्न शिक्षिका पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और एक शिक्षक पर छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के समर्थन से करीब तीन घंटे तक चक्काजाम रहा।
छात्रों का आरोप है कि अंग्रेजी में जवाब नहीं देने पर इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर शिक्षक रवि पंड्या ने 12वीं के छात्र शिवेश चौधरी को कक्षा से बाहर ले जाकर मारपीट की। छात्र का दावा है कि इस दौरान उसकी शर्ट भी फाड़ दी गई। घटना के विरोध में छात्र विद्यालय से बाहर आ गए और बाद में एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ शास्त्री नगर रोड पर चक्काजाम कर दिया।
करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नीलगंगा और माधव नगर थाना पुलिस मौके पर तैनात रही और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए।
दूसरी ओर इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल ने छात्रों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ छात्र लगातार शोर-शराबा कर रहे थे, टेबल-बेंच बजा रहे थे और समझाने पर मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। उनके अनुसार स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने शिक्षक रवि पंड्या को बुलाया। उन्होंने दावा किया कि शिक्षक द्वारा छात्र को थप्पड़ मारने के बाद छात्र ने भी शिक्षक को थप्पड़ मार दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया।
शाम करीब 6:30 बजे विद्यालय की प्राचार्य विभा शर्मा ने छात्रों और एबीवीपी पदाधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद उन्होंने लिखित आश्वासन दिया कि इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से हटा दिया गया है तथा शिक्षक रवि पंड्या से माफीनामा लेकर उनके खिलाफ जांच शुरू की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर चक्काजाम हटा दिया।










