गाजियाबाद, 11 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र स्थित राजनगर एक्सटेंशन में निर्माणाधीन एक मॉल के पास शनिवार को सात वर्षीय बच्ची का शव लहूलुहान हालत में मिला। बच्ची के सिर और मुंह पर पत्थर से वार किए जाने के निशान मिले हैं। पुलिस ने बच्ची की पहचान कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल के अनुसार, मृतक बच्ची निर्माणाधीन मॉल में कार्यरत एक मजदूर परिवार की है। परिजनों ने बताया कि बीती रात पूरा परिवार अपनी झुग्गी में सो रहा था। रात करीब 12 बजे बच्ची अपने बिछौने पर नहीं मिली। प्रारंभिक आशंका है कि बच्ची का अपहरण कर उसे सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां दुष्कर्म के बाद उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी गई।
डीसीपी ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच के तहत आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।











