भिण्ड, 11 जुलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जुलाई को भिण्ड जिले के लहार विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी करने के साथ जिले को विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री 238.96 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 40 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 83.33 करोड़ रुपये की 16 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की लगभग 1 करोड़ 25 लाख 15 हजार से अधिक पात्र लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1,835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित करेंगे। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। जून 2023 से जून 2026 तक 37 किस्तों के माध्यम से 59,581.96 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, उनमें चौम्हों और अकलोनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सुरपुरा और उमरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय भिण्ड का कार्यशाला भवन, अनुसूचित जाति छात्र-छात्रावास, शासकीय महाविद्यालय अकोड़ा का भवन, अमायन का संयुक्त तहसील भवन, जिला अस्पताल का 100 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) अस्पताल, सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालयों के निर्माण कार्य, जल जीवन मिशन की नल-जल योजनाएं तथा विभिन्न सीसी सड़क परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा 83.33 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन भी किया जाएगा। इनमें अतिरिक्त कक्ष एवं प्रयोगशाला भवन, पॉलीटेक्निक महाविद्यालय का अतिरिक्त भवन, 250 सीटर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, 100 सीटर श्रमिक विश्रामगृह, वैशाली नदी पर जलमग्नीय पुल, अटेर और गोहद के नए जनपद पंचायत भवन, गौशालाओं का निर्माण तथा ग्रामीण संपर्क मार्गों की परियोजनाएं शामिल हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1:35 बजे हेलीकॉप्टर से लहार पहुंचेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद अपराह्न 3:45 बजे ग्वालियर के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।











