मालदा, 11 जुलाई।
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के चांचल क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर विवाद के बीच गृह मंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को एक महिला कंटेंट क्रिएटर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित की पहचान मुसु यासमीन के रूप में हुई है, जो चांचल थाना क्षेत्र के मुबारकपुर की निवासी है। यह कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी की शिकायत के आधार पर करीब 12 घंटे के भीतर की गई।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि मुसु यासमीन लंबे समय से सोशल मीडिया पर राष्ट्रवाद और हिंदुत्व विरोधी वीडियो साझा करती रही हैं। उनका कहना है कि हाल ही में बांग्लादेश सीमा मुद्दे से जुड़े एक वीडियो में गृह मंत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद शुक्रवार शाम चांचल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और शनिवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
भाजपा नेताओं ने यह भी आशंका जताई है कि इस तरह के वीडियो के पीछे किसी संगठित देश विरोधी नेटवर्क की भूमिका हो सकती है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि जांच के हित में फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आगे की कार्रवाई अदालत के निर्देशों के अनुरूप की जाएगी।










