रायपुर, 11 जुलाई।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को एक खाली मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतर गया। घटना शंकर नगर आरओबी के नीचे डाउन लाइन पर हुई। मालगाड़ी कोरबा की ओर जा रही थी। ट्रेन की रफ्तार कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग और तकनीकी विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने पटरी से उतरे वैगन को दोबारा ट्रैक पर लाने और रेल मार्ग को सामान्य करने का कार्य शुरू किया। साथ ही घटना के कारणों की तकनीकी जांच भी प्रारंभ कर दी गई।
डिब्बा पटरी से उतरने के कारण डाउन लाइन पर रेल परिचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। हालांकि रेलवे की आपातकालीन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही नियंत्रित रखी गई, जिससे कुछ ट्रेनों के संचालन पर मामूली असर पड़ा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक को जल्द से जल्द पूरी तरह बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। शुरुआती जांच में डिब्बे के पटरी से उतरने के कारणों का पता लगाने के लिए ट्रैक की स्थिति, वैगन की तकनीकी हालत और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच की जा रही है।
रेलवे का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। यदि जांच में किसी प्रकार की तकनीकी खामी या लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।











