रांची, 11 जुलाई।
कांग्रेस के गोवा, दमन एवं दादरा एवं नगर हवेली के प्रभारी तथा पूर्व मंत्री मानिक राव ठाकरे ने राम मंदिर दान मामले में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि एसआईटी रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख होने के बावजूद अब तक जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय नहीं की गई है।
शनिवार को रांची स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ठाकरे ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे के बाद भी सरकार की ओर से इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई या आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई अनियमितता नहीं हुई, तो श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा को इस्तीफा क्यों देना पड़ा।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे ट्रस्ट पर सवाल उठने के बावजूद कार्रवाई केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित रखी गई है। उनका कहना था कि इससे प्रभावशाली लोगों को बचाने की आशंका पैदा होती है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार अपनी कार्यप्रणाली को लेकर आश्वस्त है तो उसे सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में जांच कराने से नहीं बचना चाहिए।
ठाकरे ने मांग की कि पूर्व महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी अनिल मिश्रा और कथित अनियमितताओं से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने वर्तमान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग कर धर्माचार्यों, प्रतिष्ठित नागरिकों और विशेषज्ञों को शामिल करते हुए नया पारदर्शी ट्रस्ट गठित करने की भी मांग की।
उन्होंने मंदिर को प्राप्त दान, चढ़ावे, भूमि खरीद-बिक्री और विभिन्न आयोजनों पर हुए खर्च का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं, इसलिए उनसे जुड़े प्रत्येक आर्थिक लेन-देन में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि एसआईटी मंदिर में आयोजित बड़े आयोजनों के खर्च की भी जांच कर रही है। उनके अनुसार 22 जनवरी 2024 के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह और 25 नवंबर 2025 के ध्वजारोहण कार्यक्रम के खर्च के साथ फर्जी रसीदों और नकद चढ़ावे में कथित हेराफेरी के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईटी रिपोर्ट में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और उसके बैंकिंग साझेदार भारतीय स्टेट बैंक की कार्यप्रणाली में कई गंभीर लापरवाहियों का उल्लेख किया गया है। उनके अनुसार नकदी प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों की कथित अनियमितताओं के बावजूद केवल आठ कर्मचारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की सिफारिश की गई है, जबकि बड़े स्तर पर जवाबदेही तय नहीं की गई।
संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के महासचिव एवं मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव, महासचिव राजीव रंजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, वरिष्ठ नेता शाहजादा अनवर, सोनल शांति और राजन वर्मा भी मौजूद रहे।











