टॉप न्यूज़
11 Jul, 2026

मानुका हनी से माओरी संस्कृति तक, मोदी ने गिनाईं भारत-न्यूजीलैंड की समानताएं

ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मानुका हनी, माओरी संस्कृति, कृषि, खेल, अंतरिक्ष और साझा मूल्यों के जरिए भारत और न्यूजीलैंड के मजबूत संबंधों को रेखांकित किया।

ऑकलैंड, 11 जुलाई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत और न्यूजीलैंड के बीच साझा सांस्कृतिक, कृषि, खेल और तकनीकी संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय का शरीर भले ही न्यूजीलैंड में हो, लेकिन उसकी आत्मा हमेशा भारत से जुड़ी रहती है। कार्यक्रम के दौरान उनके मंच पर पहुंचते ही पूरा सभागार मोदी-मोदी के नारों और तालियों से गूंज उठा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत हजारों वर्ष पुरानी सभ्यता है, जिसने अपनी प्राचीन विरासत को सहेजते हुए आधुनिकता को भी अपनाया है। उन्होंने कहा कि भारत हर दौर में सीखने और खुद को बदलने की क्षमता के कारण आगे बढ़ा है। उनके अनुसार भारत किसी देश की जनसंख्या नहीं, बल्कि जनकल्याण की भावना को महत्व देता है और इसी सोच के साथ उसने न्यूजीलैंड से भी बहुत कुछ सीखा है तथा आगे भी सीखता रहेगा।

महिलाओं के सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड दुनिया का पहला देश है जिसने महिलाओं को मतदान का अधिकार दिया। उन्होंने कहा कि वहां समाज के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत भी महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा दे रहा है और उनके लिए नए अवसर तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि आधारित व्यवस्था को मजबूत बनाने में न्यूजीलैंड का अनुभव भारत के छोटे किसानों के लिए प्रेरणादायक है।

मानुका हनी का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड ने यह साबित किया है कि छोटे किसान भी वैश्विक स्तर का मजबूत ब्रांड तैयार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि क्लाइमेट स्मार्ट प्रिसिजन फार्मिंग और शहद उत्पादन के क्षेत्र में भारत न्यूजीलैंड से काफी कुछ सीख सकता है। उन्होंने बताया कि भारत में भी मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए विशेष मिशन चलाया जा रहा है, जिससे शहद उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

खेल सहयोग पर प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष भारत-न्यूजीलैंड खेल संबंधों के सौ वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि एक सदी पहले भारतीय हॉकी टीम न्यूजीलैंड दौरे पर आई थी और मेजर ध्यानचंद के प्रदर्शन ने वहां के लोगों का दिल जीत लिया था। उन्होंने कहा कि आज दोनों देशों के बीच खेलों में सहयोग के नए अवसर मौजूद हैं।

प्रधानमंत्री ने रग्बी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत इस खेल में न्यूजीलैंड के अनुभव से सीखना चाहता है और इसके लिए प्रशिक्षकों तथा विशेषज्ञों की आवश्यकता है। उन्होंने हाल ही में भुवनेश्वर में न्यूजीलैंड रग्बी और रग्बी इंडिया के संयुक्त कोचिंग कार्यक्रम को सकारात्मक शुरुआत बताया।

स्पोर्ट्स टेक और अंतरिक्ष क्षेत्र का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड के एक स्पोर्ट्स स्टार्टअप कार्यक्रम में उन्हें कई नवाचार देखने को मिले। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देश इस क्षेत्र में भी मिलकर काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि चंद्रयान की सफलता में न्यूजीलैंड की तकनीक का भी योगदान रहा है और दोनों देशों के बीच अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग लगातार आगे बढ़ रहा है। उनके अनुसार यही साझेदारी दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को भी नई गति देगी।

माओरी संस्कृति का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने हाका को केवल एक प्रस्तुति के रूप में नहीं, बल्कि पूरे समाज की आत्मा के रूप में देखा है। उन्होंने माओरी संस्कृति के 'मनाकितांगा' और 'फानो' जैसे मूल्यों का जिक्र करते हुए कहा कि ये भारतीय संस्कृति के 'अतिथि देवो भवः' और परिवार की अवधारणा से काफी मेल खाते हैं। उन्होंने 'काइत्या कितांगा' की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत भी पृथ्वी को माता मानकर पर्यावरण संरक्षण के लिए एक पेड़ मां के नाम और प्राकृतिक खेती मिशन जैसे अभियान चला रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीय अपनी जन्मभूमि और कर्मभूमि, दोनों के प्रति समान समर्पण रखते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जिस भी देश में रहते हैं, वहां की प्रगति में पूरी निष्ठा से योगदान देते हैं और साथ ही भारत की उपलब्धियों से भी जुड़े रहते हैं।

|
आज का राशिफल

व्ययाधिक्य का अवसर आ सकता है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। रुका हुआ लाभ आज प्राप्त हो सकता है। धार्मिक स्थलों की यात्रा का योग। शुभांक-4-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़