मध्य प्रदेश
11 Jul, 2026

दतिया में भाजपा प्रत्याशी बदलने पर बवाल, नरोत्तम मिश्रा ने समर्थकों से शांति की अपील

दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी बदलने के बाद समर्थकों ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस कार्रवाई के बाद यातायात बहाल हुआ, जबकि डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने समर्थकों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की।

दतिया, 12 जुलाई।

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रत्याशी बदलने के फैसले के बाद जिले में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने से नाराज समर्थकों ने दतिया-झांसी हाईवे पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस कार्रवाई के बाद शनिवार सुबह यातायात बहाल कराया गया।

प्रदर्शन शुक्रवार शाम से शुरू हुआ, जब बड़ी संख्या में समर्थक दतिया-झांसी हाईवे पर एकत्र होकर डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने पार्टी नेतृत्व से प्रत्याशी बदलने का फैसला वापस लेने की मांग की। प्रशासन की समझाइश के बावजूद प्रदर्शन जारी रहा।

शनिवार तड़के भारी पुलिस बल ने हाईवे खाली कराने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इस दौरान कुछ स्थानों पर पथराव भी हुआ, जिसमें पुलिसकर्मी, अधिकारी और कुछ भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज नहीं किया गया।

करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद पुलिस ने जाम हटाकर यातायात सामान्य कराया। प्रशासन के मुताबिक, प्रदर्शन के कारण दतिया-झांसी मार्ग पर 15 से 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था, जिससे यात्री बसों और एंबुलेंस सहित कई वाहन प्रभावित हुए।

दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। पांच से छह ट्रकों के शीशे तोड़े गए, कुछ वाहनों को पलटा गया, एसडीओपी का वाहन क्षतिग्रस्त हुआ और एक पुलिस वाहन भी पलट गया। प्रदर्शन में शामिल कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। एहतियात के तौर पर शहर के कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी है। बिना अनुमति सभा, जुलूस और प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है तथा पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाया गया है। भाजपा जिला कार्यालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

घटनाक्रम के बीच पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए समर्थकों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी चयन पार्टी नेतृत्व का निर्णय है और सभी कार्यकर्ताओं को उसका सम्मान करना चाहिए। सोशल मीडिया पर आत्मदाह के प्रयास से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसी भी तरह का उग्र कदम नहीं उठाने और पार्टी की गरिमा बनाए रखने का आग्रह किया।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए डॉ. नरोत्तम मिश्रा के स्थान पर युवा नेता आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। इसके बाद पार्टी के एक वर्ग में नाराजगी देखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

|
आज का राशिफल

व्ययाधिक्य का अवसर आ सकता है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। रुका हुआ लाभ आज प्राप्त हो सकता है। धार्मिक स्थलों की यात्रा का योग। शुभांक-4-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़