राजगढ़, 11 जुलाई।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की बोडा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक आरोपित को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह राजपूत ने शनिवार को बताया कि 7 जुलाई को ग्राम आंकखेड़ी कला निवासी भागीरथ (64) पुत्र धनसिंह भिलाला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि गांव के ही छगनलाल पिता देवसिंह रुहेला ने पुरानी रंजिश के चलते उन्हें जान से मारने की नीयत से तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में भागीरथ गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने मामले में आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे और एसडीओपी नरसिंहगढ़ प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर छगनलाल को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











