भोपाल, 11 जुलाई।
शाहपुरा थाना पुलिस ने करीब छह महीने से फरार चल रहे एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी थाना क्षेत्र के दो आपराधिक मामलों और तीन लंबित गिरफ्तारी वारंट में वांछित था। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध धारदार चाकू भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान भरत नगर स्थित हनुमान मंदिर के पास रहने वाले 24 वर्षीय सुमित खेरदे उर्फ काला के रूप में हुई है। उसके खिलाफ शाहपुरा थाने में दर्ज दो मामलों में कार्रवाई लंबित थी, जबकि तीन गिरफ्तारी वारंट भी जारी थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 10 जुलाई को पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध धारदार चाकू बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को दोनों लंबित प्रकरणों और तीनों गिरफ्तारी वारंट में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।










