अपराध
11 Jul, 2026

37 लाख की लूट निकली कर्मचारियों की साजिश, तीन गिरफ्तार

वजीराबाद में 37.50 लाख रुपये की कथित लूट का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा करते हुए कंपनी के कर्मचारियों समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया और 36.92 लाख रुपये नकद बरामद किए।

नई दिल्ली, 11 जुलाई।

उत्तरी जिले के वजीराबाद थाना क्षेत्र में 37.50 लाख रुपये की कथित लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि पूरी साजिश किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि नकदी लेकर जा रहे कंपनी के दो कर्मचारियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी।

पुलिस ने मामले में कंपनी के दो कर्मचारियों सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 36.92 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस फरार अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार नौ जुलाई की शाम करीब छह बजे पीसीआर के माध्यम से सूचना मिली थी कि बुराड़ी फ्लाईओवर के पास तीन बाइक सवार बदमाश 37.50 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता मोहन दास एक निजी विज्ञापन एवं समाचार पत्र प्रकाशन कंपनी में कर्मचारी है। वह अपने दो सहयोगियों अभिषेक और योगेश के साथ चांदनी चौक से अलग-अलग ग्राहकों से 45.50 लाख रुपये नकद एकत्र कर कंपनी मालिक के सरस्वती विहार स्थित आवास पर पहुंचाने जा रहा था। मोहन दास और अभिषेक एक मोटरसाइकिल पर 37.50 लाख रुपये से भरा बैग लेकर चल रहे थे, जबकि योगेश दूसरी बाइक पर आठ लाख रुपये लेकर पीछे आ रहा था। शिकायत के अनुसार बुराड़ी फ्लाईओवर के पास काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर पहुंचे तीन बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मारी और नकदी से भरा बैग छीनकर भाग निकले।

शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि राहगीरों की मदद से उन्होंने एक आरोपी को पकड़ लिया था। इसके बाद अभिषेक और योगेश उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर बदली स्थित कार्यालय ले जाने लगे, लेकिन जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के पास उसने कथित तौर पर योगेश के कंधे पर काट लिया और वहां से भाग निकला। बाद में तीनों कर्मचारी अपने मालिक के साथ दोबारा घटनास्थल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर जिला पुलिस ने वजीराबाद थाना और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की। टीम ने चांदनी चौक से बुराड़ी, मुखर्जी नगर और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को कर्मचारियों के बयान में कई विरोधाभास मिले। सबसे पहले योगेश के कंधे पर कथित काटने का निशान संदिग्ध लगा। इसके अलावा जिस मोबाइल फोन के बारे में दावा किया गया था कि आरोपी उसे लेकर भाग गया, वही मोबाइल कर्मचारियों की मोटरसाइकिल की डिक्की से बरामद हो गया। इसके बाद पुलिस का संदेह गहरा गया। सख्ती से पूछताछ करने पर अभिषेक और योगेश ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने मित्र विपिन के साथ मिलकर नकदी हड़पने की योजना बनाई थी।

पुलिस के मुताबिक विपिन पहले रोहिणी में एक कैफे चलाता था, जहां उसकी दोस्ती अभिषेक और योगेश से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों कर्मचारियों ने उसे बताया था कि वे अक्सर कंपनी की लाखों रुपये की नकदी एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाते हैं। इसके बाद तीनों ने मिलकर पूरी योजना तैयार की और विपिन ने अपने तीन अन्य साथियों को भी इसमें शामिल कर लिया। तकनीकी जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि घटना वाले दिन विपिन चांदनी चौक क्षेत्र में मौजूद था। इसके बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर उसे यह भरोसा दिलाया कि उसके साथी पुलिस के शक से बाहर हैं और लूटी गई रकम में अपना हिस्सा मांग रहे हैं। इस झांसे में आकर विपिन ने अपनी लोकेशन बता दी। पुलिस ने जहांगीरपुरी में छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके घर से 36.92 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा चार मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। गिरफ्तार विपिन (29) जहांगीरपुरी का रहने वाला है और स्नातक है। वह पहले रोहिणी में कैफे संचालित करता था, लेकिन घाटे के कारण छह महीने पहले उसे बंद करना पड़ा था। उसके खिलाफ राजौरी गार्डन थाने में चोरी का एक मामला पहले से दर्ज है।

दूसरा आरोपित अभिषेक (26) रोहिणी के नाहरपुर का निवासी है और स्नातक है। वह पिछले दो वर्षों से कंपनी में कार्यरत था तथा विभिन्न ग्राहकों से नकदी एकत्र करने की जिम्मेदारी संभालता था। तीसरा आरोपित योगेश (26) भी नाहरपुर का रहने वाला है और बीते दो वर्षों से उसी कंपनी में नकदी संग्रह का कार्य कर रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस साजिश में शामिल तीन अन्य आरोपित अभी फरार हैं। उनकी पहचान हो चुकी है और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

|
आज का राशिफल

व्ययाधिक्य का अवसर आ सकता है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। रुका हुआ लाभ आज प्राप्त हो सकता है। धार्मिक स्थलों की यात्रा का योग। शुभांक-4-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़